MOUSAM SYMBOLIC IMAGE 1746612974952 1746612975179.jpg

Yellow alert for 7 districts in Chhattisgarh, Clouds will rain in Bastar and Surguja छत्तीसगढ़ में 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट; बस्तर व सरगुजा में बरसेंगे बादल, आंधी-बारिश की संभावना, Chhattisgarh Hindi News


मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव में आकाश आंशिक मेघमय रहने की संभावना जताई है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, रायपुर, छत्तीसगढ़Wed, 7 May 2025 03:52 PM
छत्तीसगढ़ में 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट; बस्तर व सरगुजा में बरसेंगे बादल, आंधी-बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ के मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने बस्तर और सरगुजा संभाग के 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बारिश के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट बनी हुई है वहीं रात में भी ठंडक महसूस की जा रही है। बीते दिन प्रदेश में दिन में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रायपुर में 38.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गौरेला-पेंड्रा में 20.8 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

रायपुर मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर जिले और सरगुजा संभाग के जशपुर, अम्बिकापुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बादल गरजने के साथ बारिश होने की संभावना है। यह अलर्ट तीन घंटे यानी शाम 5.40 बजे तक के लिए जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, कोरिया जिले में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

द्रोणिका की वजह से मौसम में बदलाव

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ 4.5 किलोमीटर से लेकर 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से होकर मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और झारखंड से गुजरती हुई उत्तर बांग्लादेश तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं, एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका भी सक्रिय है, जो दक्षिण तेलंगाना से शुरू होकर दक्षिण मन्नार की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसी सिस्टम की वजह से छत्तीसगढ़ में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है।

अगले 4 दिनों में 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि अगले 4 दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस बीच अगले 5 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव में आकाश आंशिक मेघमय रहने की संभावना जताई है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: संदीप दीवान

Shopping Cart
Scroll to Top